भाकियू ने धान क्रय केन्द्र मंडी में पकड़ी धांधली

भाकियू ने धान क्रय केन्द्र मंडी में पकड़ी धांधली

  •   Fakhre Alam
  •  2020-11-30 19:41:39
  •  0

       

भाकियू ने धान क्रय केन्द्र मंडी में पकड़ी धांधली, कैमरे में कैद हुए सबूत, डीएम ने कहा होगी जांच

 

बाराबंकी। धान क्रय केन्द्रों पर किसानों के साथ नाइंसाफी हो रही है। किसानों का धान न खरीदकर बिचैलियों का धान खरीदा जा रहा है। किसानों के धान को फरहा यानी बिना चावल वाला धान बताकर रिजेक्ट किया जा रहा है। ये बातें तो आपने हर साल इस सीजन में सुनी होगी। धरना प्रदर्शन भी इसके लिए आम बात जैसी है। लेकिन सोमवार को भाकियू भानु गुट के छात्रसभा के अध्यक्ष अपुल वर्मा ने अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ मंडी में ऐसीह करतूत मीडिया के कैमरे में कैद करवाई जिसे देखने के बाद हर कोई दंग रह गया। अपुल की माने तो मंडी में किसान के जिस धान को फरहा बताकर रिजेक्ट किया गया था उसकी सफाई कराकर बेचने का काम कर्मचारी व लेबर कर रहे थे। अवकाश के दिन यह खेल हो रहा था। स्टिंग आपरेशन के दौरान वहां मौजूद लोग कोई जवाब नहीं दे सके तो भाकियू नेता ने डीएम को फोन कर सारी बात बताई। डीएम ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है। 

गोंडा रोड स्थित नवीन मंडी परिसर में धान क्रय केन्द्र खोले गए हैं। यहां किसानों के साथ अन्याय होने की शिकायतें आम थीं। चंद रोज पहले धान खरीद को लेकर ही भाकियू भानु गुट जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन भी कर चुकी है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के छात्र सभा के जिलाध्यक्ष अपुल वर्मा ने सबसे पहले मीडिया को जानकारी दी कि मंडी में सरकारी धान क्रय केन्द्र पर फरहा बताया गया धान साफ कर बेचने की तैयारी जारी है। अवकाश का दिन होने के कारण यह काम जोरो शोर पर हो रहा है। फिर क्या था। अपुल व उनके साथियों के साथ कुछ मीडियाकर्मी स्टिंग करने पहुंच गए। वहां पहुंचते ही धान साफ कर रही मशीन दिखी। अपुल ने बताया कि यह किसानों का रिजेक्ट धान है। जिसे बेचने की तैयारी है। कैमरों में सब कैद होने लगा तो वहां लगे लोग हड़बड़ा उठे। श्री वर्मा ने डीएम डाक्टर आदर्श सिंह को फोन करके पूरी जानकारी दी तो डीएम ने आश्वासन दिया कि इसकी जांच कराएंगे। तब तक मौके पर केन्द्र की जिम्मेदारी संभालने वाले एसएमआई सौरभ श्रीवास्तव आ गए। खैर! टब देखना है कि जांच में क्या होता है। 

Tag :  

संबंधित पोस्ट